
-गन्नौर
में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बागवानी फल-फूल मंडी मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
सोनीपत, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा अब सिर्फ कृषि राज्य नहीं, बल्कि वैश्विक बागवानी
मानचित्र पर उभरता केंद्र बनने जा रहा है। यह परियोजना केवल किसानों
को बेहतर बाजार उपलब्ध कराएगी, युवाओं को रोजगार और पूरे क्षेत्र को आर्थिक समृद्धि
प्रदान करेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को सोनीपत
के गन्नौर में बन रही भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी फल-फूल मंडी का निरीक्षण किया।
उनके साथ सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे। चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय
राजमार्ग-44 पर विकसित हो रही यह मंडी एशिया की सबसे बड़ी बागवानी मार्केट के रूप में
स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने मंडी परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का जायजा
लिया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता
सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह
मंडी गन्नौर को विश्व के मानचित्र पर लाएगी, किसानों की आमदनी बढ़ाएगी, युवाओं को रोज़गार
देगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ सोनीपत नगर निगम मेयर राजीव जैन,
राई विधायक कृष्णा गहलोत, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, जिला महामंत्री नीरज कुमार
ठरु भी थे।
उल्लेखनीय है कि 537 एकड़ में बन रही इस मंडी पर कुल 2,595 करोड़ रुपये
की लागत आएगी। फ्रांस की प्रसिद्ध रूंगिस मार्केट की तर्ज पर विकसित हो रही यह
परियोजना 2026 तक पूर्ण रूप से कार्यशील होगी। इसका निर्माण हैदराबाद की नागार्जुन
कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। मंडी में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली,
जल उपचार संयंत्र, 17 विशेष शेड, वाहन पार्किंग, वर्कशॉप और 5 बिजली घर जैसी अत्याधुनिक
सुविधाएं होंगी। इसका संचालन हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कॉर्पोरेशन
लिमिटेड करेगा।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
