Uttar Pradesh

गंगा, गौ, गीता और गायत्री मंत्र भारत की आत्मा : उमा भारती

उमा भारती वार्ता करते

प्रयागराज, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । गंगा, गौ, गीता और गायत्री मंत्र भारत की आत्मा है तथा गंगा भक्ति एवं शक्ति का मार्ग है। यह बातें गुरुवार काे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में पहुंची पूर्व केंद्रीय मंत्री और एवं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कही। वे सर्किट हाउस सभागार में गंगा की स्वच्छता अभियान को लेकर आयाेजित गंगा सेवा संकल्प कार्यक्रम के संबंध एक वृहद बैठक में शामिल हाेने पहुंची थी। बैठक का आयाेजन भाजपा नेता योगेश शुक्ला के नेतृत्व में किया गया था।

उमा भारती ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश योगी सरकार मां गंगा की स्वच्छता अविरलता और निर्मलता को लेकर समर्पित है। नीतियों के तहत योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। लेकिन गंगा तभी पूर्ण रूप स्वच्छ होगी जब समाज का हर व्यक्ति गंगा की स्वच्छता को लेकर समर्पित भाव से सोचेगा और कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि गंगा सिर्फ एक नदी नहीं है बल्कि भारत का जीवन रेखा है। उन्होंने कहा कि ये हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जो तपस्वियों के तप से इस धरा पर अवतरित हुई है। कहा कि गंगा, गौ, गीता और गायत्री मंत्र भारत की आत्मा है जो कभी मर नहीं सकती।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सपा और अन्य विपक्षी दलों का धर्म और काम से कोई मतलब नहीं होता, उनका मतलब सिर्फ वोट के लिए राजनीति करना होता है। लेकिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता पार्टी का दल तपस्वियों का दल, राम और राष्ट्र भक्तों का दल है। जो अखंड भारत निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं और संकल्प लेते हैं उसे पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की श्री राम जन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण पूज्य अशोक सिंघल का पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक प्रोफेसर रज्जू भैया और करोड़ों राम भक्तों का दृढ़ संकल्प था। जो उनके दिल में था, जिसे मोदी सरकार ने पूरा किया। कश्मीर में धारा 370 को हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प को पूरा किया। उन्होंने कहा कि विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत को बनाने के लिए हमें स्वदेशी अभियान को संकल्प के रूप में लेना होगा। यूनिफॉर्म सिविल कोड एवं एक देश एक चुनाव आज देश की आवश्यकता है।

भाजपा नेता योगेश शुक्ला ने बताया कि 4 नवम्बर को देव दीपावली के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रयागराज में संगम गंगा घाट पर मां गंगा की स्वच्छता अविरलता और निर्मलता को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के नेतृत्व में वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाएगा, जिसकी तैयारी की रूप रेखा बनाई जा रही है।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आगामी 4 नवम्बर गंगा सेवा संकल्प के कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके पूर्व महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला विधायक संजय शर्मा, विधायक विपिन वर्मा, विधायक पियूष रंजन निषाद भाजपा नेता विक्रम सिंह पटेल ने उमा भारती का स्वागत किया। इस अवसर शशि वार्ष्णेय, राजेश केसरवानी, अजय अग्रहरि आदि भाजपा के प्रमुख अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top