CRIME

पश्चिम बर्धमान में नाबालिका से सामूहिक दुष्कर्म

सांकेतिक छवि

पूर्व बर्धमान, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । जिले के आउशग्राम क्षेत्र में एक नाबालिका से सामूहिक दुष्कर्म की घटना से इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से चार नाबालिग और स्कूल विद्यार्थी बताए जा रहे हैं।

घटना सोमवार शाम की है, जब पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ गांव के एक दुकान की ओर जा रही थी। रास्ते में छह युवकों ने उनका मार्ग रोक लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद आरोपितों ने पीड़िता को जबरन नजदीकी जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने पीड़िता को धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के कारण पीड़िता काफी अस्वस्थ हो गई। सामाजिक भय और शर्म की वजह से उसने तुरंत किसी को कुछ नहीं बताया। दो दिनों बाद उसने स्कूल की एक सहेली को पूरी घटना बताई। सहेली ने मामला एक शिक्षक को बताया, जिन्होंने इसकी जानकारी तुरंत पीड़िता के परिजनों को दे दी।

परिवार की ओर से गुरुवार रात आउशग्राम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपित पीड़िता के परिचित थे और क्या घटना के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी या अन्य कारण थे।

पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। आउशग्राम थाना पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता