
देहरादून, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के प्रचार को गति देने के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी आज काशीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ढकियाकला क्षेत्र में भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सुरेंद्र कौर के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सुरेंद्र कौर एक समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता हैं, जो क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वह पार्टी है, जिसका नेतृत्व विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए इनके लाभों को जनता के समक्ष रखा।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार के पंचायत चुनाव में भी जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान का मन बना लिया है। मंत्री जोशी ने लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और अपने मताधिकार का उपयोग करने की भी अपील की।
जनसभा में भाजपा नेता राजेश कुमार, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री रवि पाल, कैप्टन (सेनि) बच्चन सिंह रावत, कमलेश कुमार, भगत प्रधान, परविंदर, आलोक कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।
—-
(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल
