
जोधपुर, 01 सितम्बर (Udaipur Kiran) । शहर में इन दिनों गणेश महोत्सव के तहत गणपति बप्पा मोरया के जयकारे सुनाई दे रहे है। कई जगहों पर गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।
राम गली में चल रहे गणपति उत्सव के अंतर्गत आज की झांकी में ऑपरेशन सिन्दूर का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। राम गली के अध्यक्ष अनिरुद्ध व्यास ने बताया कि हर वर्ष गणेश उत्सव में कुछ विशेष और संदेशप्रद श्रृंगार किया जाता है, जो सांस्कृतिक मूल्यों को उजागर करे। इस मौके बच्चों के लिए जलेबी रेस, म्यूजिकल चेयर, बॉल पासिंग जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन में सुनील भाटी, तरुण पंवार, मोहित भाटी, श्याम बिस्सा और ओम भाटी का विशेष योगदान रहा।
माहेश्वरी कॉलोनी खेतानाड़ी मे गणेश महोत्सव आयोजित हो रहा है। मौहल्ला विकास समिति के अध्यक्ष मोहित हेडा ने बताया कि मौहल्ला विकास समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणपति की मूर्ति विराजमान की है। प्रतिदिन गणपति की मूर्ति की पूजा अर्चना की जाती है। महिलाओं द्वारा प्रतिदिन गणेश प्रतिमा के समक्ष कीर्तन किया जाता है। इसी कड़ी में आज गणेशजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया।
अरिहंत आंचल रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी डाली बाई के पास गणपति महोत्सव में सचिव अंजनी कुमार मिश्रा एवं राधेश्याम द्वारा पूजा अर्चना की गई। वहीं गणेश महोत्सव 2025 कमेटी के सदस्य रितेश सिंह, मनीष व्यास, दीपेश भटनागर, रवि तिवारी, गरिमा शर्मा, ओमकार मिश्रा, आनंद आर्य ने बच्चों एवं बड़ों के लिए तंबोला प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता प्रसन्नचन्द मेहता एवं डिस्कॉम के एसई कमलसिंह मीणा थे।
(Udaipur Kiran) / सतीश
