HEADLINES

पुडुचेरी में 436 करोड़ की लागत से बनेगा 3.8 किमी ऊंचा मार्ग, जाम से मिलेगी राहत: गडकरी

नितिन गडकरी

नई दिल्ली, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । केंद्र सरकार ने पुडुचेरी में 436.18 करोड़ रुपये की लागत से 3.877 किलोमीटर लम्बे ऊंचे मार्ग (एलिवेटेड कॉरिडोर) और ग्रेड पृथक्करण पुल (ग्रेड सेपरेटर) पुल के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना राज्य के बीच में स्थित इंदिरा गांधी चौक को दक्षिणी हिस्से में स्थित राजीव गांधी चौक से जोडेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (नया राष्ट्रीय राजमार्ग-32) पर बनेगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बताया कि यह चार लेन वाला मार्ग मौजूदा अधिकार-क्षेत्र (राइट ऑफ वे) के भीतर विकसित किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर 1.821 किलोमीटर लम्बा ऊंचा ढांचा बनेगा, साथ ही ऐसे चढान-मार्ग भी होंगे जिनसे विलुपुरम (राष्ट्रीय राजमार्ग-332), तिंदीवनम (राष्ट्रीय राजमार्ग-32) और शहर के बस अड्डे तक पहुंचा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से चेन्नई, महाबलीपुरम, तिंदीवनम, विलुपुरम और कुड्डालोर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे शहरी क्षेत्र में जामकी समस्या में कमी आएगी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-32 और उससे जुडे अन्य राजमार्गों पर यातायात का प्रवाह सुगम होगा।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि इस परियोजना से सडक सुरक्षा में वृद्धि होगी। इसके अंतर्गत पगडंडी, पैदल यात्री पारपथ और सेवा मार्ग जैसी सुविधाए विकसित की जाएंगी, जिससे पैदल चलने वालों और गैर-यंत्रीकृत परिवहन साधनों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Most Popular

To Top