Delhi

भगोड़ा आरोपित गिरफ्तार

पुलिस का लोगो

नई दिल्ली, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए आरोपित हरीश (32) को गिरफ्तार किया है।आरोपित सुल्तानपुरी का रहने वाला है। वह कई मामलों में फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपित हरीश पर 2019 में मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में बैग और मोबाइल फोन स्नैचिंग के मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह लगातार पेशी से गायब रहा और 12 नवंबर 2024 को रोहिणी कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया। इसके अलावा वह अशोक विहार और सुल्तानपुरी थानों के मामलों में भी वांछित था।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार 25 अगस्त को क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि आरोपित हरीश रोहिणी कोर्ट सेक्टर-14 के पास किसी से मिलने के लिए आने वाला है। पुलिस ने सूचना को पुख्ता कर जाल बिछाया और मौके से हरीश को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि हरीश अब तक 10 संगीन वारदात में शामिल रहा है, जिनमें लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के मामले हैं। आरोपित के खिलाफ मंगोलपुरी, अशोक विहार, सुल्तानपुरी, अमन विहार, राज पार्क और पश्चिम विहार ईस्ट सहित कई थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक हरीश गरीब परिवार से ताल्लुक रखता है और केवल छठी कक्षा तक पढ़ा है। बाद में वह नशे का आदी हो गया और मजदूरी के साथ-साथ झपटमारी व लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने लगा।

———–

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top