
रांची, 17 जून (Udaipur Kiran) । ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में मंगलवार को नया रायपुर के नंदनवन चिड़ियाघर और सफारी से शेर और मगरमच्छ समेत चार नए वन्य प्राणियों को लाया गया।
इनमें एक जोड़ा शेर और एक जोड़ा मगरमच्छ शामिल हैं। वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) पारितोष उपाध्याय और मुख्य वन संरक्षक एवं निदेशक चिड़ियाघर के जब्बार सिंह ने मंगलवार को ओरमांझी उद्यान में मीडिया को यह जानकारी दी।
पारितोष उपाध्याय ने कहा कि समय-समय पर वन्य जीवों को एक अभ्यारण्य से दूसरे अभ्यारण्य में आदान-प्रदान करने की प्रक्रिया के तहत चारों वन्यजीवों को ओरमांझी जैविक उद्यानलाया गया है। इस अवसर पर बताया गया कि ओरमांझी पहुंचे 14 वर्षीय नर शेर का नाम अभय है, जबकि चार साल की छोटी मादा शेरनी का नाम शबरी है।
इसी तरह यहां लाए गए दो मगरमच्छों की उम्र चार साल के बीच है। सबों को उनके बाड़ो में विशेष देखरेख में छोड़ा गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ माह पूर्व बिरसा जैविक उद्यान में जया और बिरू दो शेरों को और एक हाईब्रिड शेरनी प्रियंका थी। लेकिन ढलती उम्र के कारण उनका निधन हो गया। जिसके बाद यहां सिर्फ एक हाईब्रिड शेर शशांक जीवित बचा।
इधर, ओरमांझी उद्यान घूमने पहुंचे पर्यटकों के बीच शेर देखने की लालसा होती थी। ऐसे में अब यहां लाए गए शेर अभय और शेरनी शबरी, दो एशियाई शेरों और मगरमच्छों को देखने में एक बार फिर से लोगों का तांता लगने लगा है। दोनों एशियाई शेरों के आगमन से उद्यान में मंगलवार को लोगों की खासी भीड़ देखने को मिली। सभी पर्यटकों ने नए वन्य प्राणियाें का स्वागत किया। सभी पर्यटकों में इन चारों नए मेहमानों काे लेकर उत्साह का भाव दिख रहा था।
उद्यान के पदाधिकारियों के अनुसार 104 हेक्टेडयर में फैले इस बिरसा जैविक उद्धान में 91 प्रजातियों के कई जीव जंंतूू मौजूद हैं। इन्हें देखने रोजाना सैकड़ों पर्यटक आते हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
