Uttar Pradesh

आगरा में मॉर्निंग वॉकरों पर पलटा लोडर, चालक समेत चार की मौत

एसीपी छत्ता हेमंत कुमार हादसे की जानकारी देते हुए।

आगरा, 18 जून (Udaipur Kiran) । जिले के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों पर डिवाइडर से टकराकर आम से भरा मैक्स लोडर पलट गया। इस हादसे में तीन मॉर्निंग वॉकराें के साथ चार की मौत हो गई। वहीं एक घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्यवाही की।

एसीपी छत्ता हेमंत कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब छह बजे लखनऊ की ओर से एक आम से लदा मैक्स लोडर फिरोजाबाद की ओर जा रहा था। लोडर जैसे ही ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के झरना नाला के पास से गुजर रहा था तभी अनियंत्रित हो गया। डिवाइडर से टकराने के बाद सर्विस रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों पर पलट गया। इस हादसे में वॉक कर रहे राजेश (55), हरीबाबू (65) और रामेश्वर (56) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक गाड़ी में ही फंस गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस पहुंची और लोडर के केबिन में फंसे चालक कृष्णा को एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका। तब तक उसने तड़पकर दम तोड़ दिया था। जबकि लोडर का परिचालक भीम को गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के चलते हाईवे पर लगे लंबा जाम लग गया। क्षतिग्रस्त लोडर को क्रेन की मदद से हटवाते हुए यातायात बहाल कराया गया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अ​ग्रिम कार्यवाही की गई।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top