Madhya Pradesh

झाबुआ: हाट-बाजार में चले लट्ठ और पत्थर, महिला सहित पांच घायल, चार गिरफतार

हाट में घमासान

झाबुआ, 18 जून (Udaipur Kiran) । जिले के थान्दला में मुख्य बाजार में मचे घमासान में आपसी संबंधियों के बीच लट्ठ पत्थर चले, जिसमें महिला सहित चार अन्य लोग घायल हुए हैं। मामले में थांदला पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के कुल 17 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामला पति पत्नी के बीच चल रहे विवाद से संबंधित बताया गया है, जिसने उस वक्त आक्रामक स्वरूप अख्तियार कर लिया, जब पति पत्नी के परिजन हाट बाजार में आमने-सामने हो गए। बीच बाजार में हुए आक्रामक विवाद में पहले लात घूंसे, और फिर लट्ठ पत्थर और बेल्ट चले। विवाद में एक महिला सहित पांच लोग घायल बताए गए है। थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने बुधवार को कहा कि मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और शेष आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही है।

उक्त घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार एक महिला जो कि थांदला थाना क्षेत्र के ग्राम आंबापाड़ा की रहने वाली है, और जिसका विवाह पिछले साल इसी थाना क्षेत्र के ग्राम जुलवानिया में किया गया था, किंतु पति पत्नी के बीच हुए किसी सामान्य विवाद के चलते महिला अपने ससुराल में न जाते हुए पिछले करीब 8-10 माह से अपने पिता के घर पर ही रह रही थी, जिसकी वजह से दोनों पक्षों में कलह की स्थिति बनी हुई थी, और कल मंगलवार शाम साप्ताहिक हाट-बाजार के दौरान जब दोनों पक्ष के लोग थांदला नगर के आजाद चौक में आमने-सामने हुए, तो उक्त सामान्य विवाद ने आक्रामक स्वरूप धारण कर लिया।

मिली जानकारी अनुसार आमने सामने हुए दोनों पक्षों में महिला का ससुर भी था, जिसके सामने कथित रूप से महिला बगैर घूंघट निकाले खड़ी थी, जिस पर लड़के के पक्ष वालों ने ने एतराज जताया, और बात यहीं से बड़ गई, जिसके बाद पहले लात, घूंसे और फिर बेल्ट, लट्ठ और पत्थर से एक दूसरे पर हमला बोल दिया गया, यही नहीं बल्कि कुछ लोगों ने आस पास की दुकानों से सामान भी एक दूसरे पर फैंकना शुरू कर दिया। ऐसी स्थिति में भय के मारे दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर डाउन कर दिए, और पुलिस को घटना की जानकारी दी, किंतु दुकानदारों के अनुसार पुलिस मौके पर कुछ देर बाद पहुंची, तब जाकर कहीं विवाद शांत हुआ।

थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने बुधवार को कहा कि विवाद विवाहिता महिला के ससुराल न जाकर अपने पिता के घर रहने को लेकर था। मामले में फरियादी सहित दूसरे पक्ष के कुल 17 लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस द्वारा चार लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है और शेष आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Most Popular

To Top