
कोलकाता, 21 जून (Udaipur Kiran) ।बेलडांगा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विलुप्तप्राय प्रजाति के चार गोल्डन मंकी को तस्करी के प्रयास से बचा लिया। इस मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में प्रयुक्त दो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। जिला पुलिस ने शनिवार शाम को ये जानकारी दी है।
पुलिस ने बताया कि तस्कर इन दुर्लभ जानवरों को रायगंज के भाटापुकुर क्षेत्र से लाकर नदिया जिले के हरिणघाटा इलाके में पहुंचाने की योजना बना रहे थे।
गुप्त सूचना मिलने के बाद बेलडांगा थाने की टीम ने 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो गाड़ियों को रोका और चारों गोल्डन मंकी को बरामद कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान मीठू दास, टिटु दास, सामिउल हुसैन विश्वास, रफिकुल मंडल और हसीबुल मंडल के रूप में हुई है। सभी आरोपित नदिया जिले के निवासी हैं।
शनिवार को गिरफ्तार सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के बहरमपुर रेंज की अधिकारी सप्तमी सरकार ने जानकारी दी कि अदालत के आदेश के बाद हम इन जानवरों को अपने संरक्षण में लेंगे। प्रारंभिक इलाज के बाद इन्हें उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
गोल्डन मंकी या सोनाली बंदर भारत की अत्यंत दुर्लभ और संकटग्रस्त प्रजातियों में से एक हैं। इनका मुख्य निवास स्थान ब्रह्मपुत्र नदी की घाटी के लगभग 60 वर्ग मील क्षेत्र में फैला हुआ है। इसके अलावा इन्हें मान सरोवर से लेकर असम और भूटान की सीमा तक के क्षेत्रों में भी देखा गया है। ये बंदर आमतौर पर जनवरी से मई तक प्रजनन करते हैं और इनकी औसतन उम्र 18 से 30 वर्ष तक होती है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
