
कोलंबो, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । श्रीलंका के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ संसद सदस्य पेटीकिरिगे दयारत्ने का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। श्रीलंका की राजनीति में वह पी. दयारत्ने के नाम से मशहूर हुए। पारिवारिक सूत्रों ने उनके निधन की पुष्टि की है, लेकिन यह नहीं बताया कि उन्होंने अंतिम सांस कब और किस समय ली।
डेली मिरर अखबार की खबर के अनुसार वे पहली बार 1977 में यूनाइटेड नेशनल पार्टी के टिकट पर अम्पारा निर्वाचन क्षेत्र से संसद के लिए चुने गए। उन्हें पहली बार तत्कालीन राष्ट्रपति जे.आर. जयवर्धने के प्रशासन में विद्युत एवं ऊर्जा उपमंत्री नियुक्त किया गया। इसके अलावा उन्होंने भूमि एवं महावेली विकासमंत्री और स्वास्थ्यमंत्री के रूप में भी काम किया।
पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर पी. दयारत्ने गलोया विकास परियोजना में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। वह 37 वर्ष तक संसद के सदस्य रहे। दयारत्ने का जन्म 01 अक्टूबर, 1936 को हुआ था। वे लंबे समय तक अम्पारा जिले के सांसद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
