
चंडीगढ़, 4 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा में राजनीतिक रैलियों के बाद रविवार से यात्रा का दौर शुरू होने जा रहा है। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह जींद जिला के नरवाना से प्रदेशव्यापी सद्भाव यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस यात्रा से पल्ला झाड़ते हुए इसे बृजेंद्र सिंह की निजी यात्रा करार दिया है। ऐसे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना खत्म हो गई है।
जिससे साफ हो गया है कि इस यात्रा के माध्यम से बृजेंद्र सिंह खुद को प्रदेश स्तरीय नेता के रूप में स्थापित करने के साथ-साथ अपने माता-पिता के समर्थकों को लामबंद करेंगे। हालांकि बृजेंद्र सिंह की सदभाव यात्रा वाली बस पर राहुल गांधी व बृजेंद्र सिंह की बड़ी फोटो के अलावा सोनिया गांधी से लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र तक की तस्वीरें लगाई गई हैं। आपस में भाई होने के बावजूद चौधरी बीरेंद्र सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा में हमेशा छत्तीस का आंकड़ा रहा है। बृजेंद्र की मां प्रेम लता भी विधायक रह चुकी हैं।
इस यात्रा से पहले शनिवार को बृजेंद्र सिंह ने दावा किया कि वह कांग्रेसी हैं और यह यात्रा कांग्रेस की है। मेरे साथ जो यात्री होंगे कांग्रेसी होंगे, जिनके मन में कांग्रेस को आगे बढाऩे का प्रयास होगा। कांग्रेस का झंडा लेकर सडक़ पर निकल रहा हूं जो जुडऩा चाहेंगे जुड़ जाएंगे ,नहीं जुडऩा होगा नहीं जुड़ेंगे। कोशिश रहेगी सभी एक जगह दिखें। बृजेंद्र सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की एकजुटता का सवाल यात्रा खत्म होने के बाद विश्लेषण का मुद्दा बन सकता है।
दूसरी तरफ हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बृजेंद्र सिंह का उनके पास भी फोन आया था लेकिन व्यस्तता के चलते वे इस यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे। इससे पहले निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने इस यात्रा को कांग्रेस का अधिकृत कार्यक्रम मानने से इंकार कर दिया था। इस पर राव ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं को किसी भी कार्यक्रम के लिए हाईकमान और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से चर्चा करनी चाहिए।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
