
-पांच अक्टूबर को नरवाना से होगी शुरूआत
चंडीगढ़, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह पांच अक्टूबर से हरियाणा में सद्भाव यात्रा निकालने जा रहे हैं। बृजेंद्र सिंह का स्पष्ट कहना है कि यात्रा का मकसद आपसी भाईचारे और कांग्रेस को मजबूत करना है। मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बृजेंद्र सिंह ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर हरियाणा में सद्भाव यात्रा की शुरुआत 5 अक्टूबर से होगी और तकरीबन सात माह तक यात्रा 2600 से 2800 किलोमीटर तक सफर तय करेगी। बृजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि यात्रा को लेकर सभी विधायकों, विधानसभा प्रत्याशियों के साथ सांसद और लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार रहे नेताओं को निमंत्रण भेजा रहा है।
कांग्रेस की गुटबाजी पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 11 सालों से कांग्रेस का संगठन नहीं था, जिसके चलते कार्यकर्ता किसी न किसी नेता के आवास पर जाते थे, जहां भीड़ ज्यादा होती थी, उसे गुटबाजी बता दिया जाता था। मगर अब संगठन बन गया है, अब कार्यकर्ता केवल कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य कर रहा है।
बृजेंद्र सिंह ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बधाई देते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अनुभव नेता हैं और वे विधानसभा में सीएलपी की भूमिका निभा रहे थे। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान बेरोजगारी, किसानों को फसलों का भाव न मिलना, वोट चोरी सहित विधानसभा क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दों को उठाया जाएगा। बृजेंद्र सिंह ने बताया कि 5 अक्टूबर को नरवाना विधानसभा के दनौदा गांव से यात्रा की शुरुआत होगी। 5 और 6 अक्टूबर को दो दिन यात्रा नरवाना के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र को कवर करेगी। इसके बाद 7 और 8 अक्टूबर को कलायत, 9 व 10 अक्टूबर को सफीदों से होकर गुजरेगी। 11 अक्टूबर को विश्राम रहेगा। 12 व 13 अक्टूबर को जींद विधानसभा, 14 व 15 को जुलाना, 16 व 17 को नारनौंद में जाएगी। वहीं, 18 से 21 अक्टूबर तक त्योहारों के चलते यात्रा को विश्राम दिया गया है। 22 व 23 अक्टूबर को उचाना विधानसभा और 24 व 25 अक्टूबर को उकलाना विधानसभा में क्षेत्र जाएगी। जबकि बरवाला, बवानी, खेड़ा, नलवा, हांसी, हिसार और आदमपुर का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
