
फरीदाबाद, 17 जून (Udaipur Kiran) । कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे और वरिष्ठ नेता महेंद्र प्रताप के फार्महाउस को वन विभाग की टीम ने तोड़ दिया। पूर्व मंत्री का ये फार्महाउस अरावली में बना हुआ था। वन विभाग और नगर निगम संयुक्त रूप से अरावली में अवैध निमार्ण पर बुलडोजर कार्रवाई कर रहा है। बता दें कि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अरावली में अवैध रूप से फार्महाउस और मकानों को तोडऩे का कार्य लगातार जारी है। अभी तक वन विभाग की टीम 43 फार्महाउस और बैंक्वेट हॉल तोड़ चुकी है। इसी के तहत प्रशासन ने मंगलवार काे कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे महेंद्र प्रताप के फार्महाउस को भी तोड़ दिया है। गौरतलब है कि महेंद्र प्रताप की गिनती हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेताओं में की जाती है। महेंद्र प्रताप पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के करीबी है और अपने बेटे विजय प्रताप को भी विधानसभा का चुनाव लड़ा चुके हैं। महेंद्र प्रताप 9 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। वह 1982 में मेवला महाराजपुर सीट से विधायक बने, 1987 में विधायक बनकर कांग्रेस दल के नेता बने। 1991 में तीसरी बार विधायक बनकर कांग्रेस की सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। मंत्री के फार्महाउस को तोडऩे के लिए 6 जेसीबी मशीन लगाई गई। जेसीबी मशीनों ने एक-एक करके फार्महाउस की चारदीवारी को तोड़ दिया। जिसके बाद फार्महाउस में अंदर बनाए गए कैमरों को भी ध्वस्त कर दिया गया। पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप के बड़े बेटे विवेक प्रताप ने प्रशासन पर टारगेट कर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुझे अपने फार्महाउस के तोड़े जाने का कोई दुख नहीं है। लेकिन दुख है प्रशासन गरीब लोगों के मकानों को तोड़ रहा है। सरकार और प्रशासन बेबस लोगों को टारगेट कर रही है। उन्होंने कहा कि यह तोडफ़ोड़, राजनीति से प्रेरित की जा रही है। बीजेपी के नेता अपनी दुकान चले रहे हैं। बीजेपी ने अपने 10 सालों में फरीदाबाद को तबाह करने के अलावा कोई काम नहीं किया है। बिना नोटिस दिए उनके फार्महाउस को तोड़ा गया है।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर
