Haryana

पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सिरसा आने का दिया न्याैता

सीएम से मुलाकात करते पूर्व मंत्री गोपाल कांडा।

सिरसा, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने गुरुवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान कांडा ने सिरसा के विकास से जुड़े कई विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की। साथ ही सिरसा में नवनिर्मित अग्रवाल सेवा सदन एवं सौंदर्यकृत शिवपुरी के उद्घाटन का निमंत्रण दिया।

पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि सिरसा में अग्रवाल सेवा सदन का भव्य निर्माण हुआ है। साथ ही श्री शिवपुरी का दिव्य एवं भव्य जीर्णोद्वार कार्य किया जा चुका है। दोनों ही प्रोजेक्ट से सिरसा के जन-जन का सीधा सरोकार रहने वाला है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी से दोनों ही परियोजनाओं का लोकार्पण करने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही सिरसा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी द्वारा मंजूर किए गए स्टॉर्म वॉटर प्रोजेक्ट के निर्माण में तेजी लाने, बाढ़ प्रबंधों सहित अन्य विषयों पर सार्थक चर्चा की।

पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि जीएसटी में स्लैब बदलाव कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीवाली से पहले देश के नागरिकों को तोहफा देने का कार्य किया है। निश्चित रूप से आज का दिन बड़ा दिन है। इस फैसले से सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top