Uttar Pradesh

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता ने ‘मां की रसोई’ में किया सेवा कार्य

भोजन करते लोग
अभिलाषा गुप्ता

-मरीजों के परिजनों संग मनाया अपनी पुत्री का जन्मदिन, कराया भोजन

प्रयागराज, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पूर्व महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने मंगलवार को स्वरूपरानी नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में नन्दी सेवा संस्थान द्वारा संचालित माँ की रसोई में सेवा कार्य कर अपनी पुत्री जाह्नवी गुप्ता का जन्मदिन मनाया।

उन्होंने मां की रसोई में आए मरीजों के परिजनों को खाना परोसा और सभी को भोजन कराया। यही नहीं मरीजों के परिवारजनों के साथ केक भी काटा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “सेवा ही संकल्प“ यह केवल स्लोगन नहीं बल्कि नन्दी सेवा संस्थान से जुड़े प्रत्येक सदस्य की प्राथमिकता है। जिसका निर्वहन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुत्री के जन्मदिन को जनसेवा का माध्यम बनाने का अवसर प्राप्त हुआ। जरूरतमन्द की सहायता का प्रतिफल ईश्वर का आशीर्वाद एवं पुण्य अर्जन है। निश्चित ही ऐसे स्वर्णिम अवसरों के अनुभव की स्मृतियाँ दीर्घकाल तक जीवन्त बनी रहती हैं।

उल्लेखनीय है कि नंदी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मां की रसोई में प्रतिदिन अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिवारजनों को मात्र नौ रुपये में भोजन कराया जा रहा है। इस सेवा थाली में दाल, चार रोटी, सब्जी, चावल, सलाद और मिठाई शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी 2025 में मां की रसोई का उद्घाटन किया था। जहां उन्होंने खुद लोगों को भोजन परोसा था और रसोई का निरीक्षण किया था।

समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को मात्र नौ रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना ही मां की रसोई की प्राथमिकता है। रसोई पूरी तरह से वातानुकूलित, स्वच्छ और आधुनिक है। यहां पर एक समय में लगभग 150 लोग एक साथ बैठकर भोजन कर सकते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top