RAJASTHAN

आरटीआई से बढ़ी है प्रशासनिक पारदर्शिता: पूर्व सूचना आयुक्त आशुतोष शर्मा

आरटीआई से बढ़ी है प्रशासनिक पारदर्शिता: पूर्व सूचना आयुक्त आशुतोष शर्मा

जयपुर, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । दहमीं कलां स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को विशेष व्याख्यानमाला के अंतर्गत सूचना का अधिकार और पत्रकारिता विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।

व्याख्यान माला की इस कड़ी में मुख्य वक्ता राजस्थान के पूर्व सूचना आयुक्त एवं वर्तमान में राजस्थान पत्रिका के नेशनल हैड आशुतोष शर्मा रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि हर पत्रकार एक विद्यार्थी होता है। सूचना के अधिकार के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि इस कानून की शुरुआत राजस्थान से हुई है। यह भ्रष्टाचार को उजागर करने का एक महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन इसके माध्यम से जानकारी हासिल करने के लिए मांगी जाने वाली सूचना का प्रारूप स्पष्ट होना चाहिए।

शर्मा ने बताया कि आजकल कई संस्थाएं स्वैच्छिक रूप से सूचना सार्वजनिक कर रही हैं, जिससे भ्रष्टाचार में कमी आई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से सूचनाओं में पारदर्शिता पर जोर दे रहे हैं। सूचना आयुक्त के कार्यकाल के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्होंने लगभग बीस हजार से भी ज्यादा अपीलों का निस्तारण किया, जो इस कानून की बढ़ती उपयोगिता को दर्शाता है।

उन्होंने सूचना के अधिकार के दुरुपयोग को एक बड़ी चुनौती बताते हुए छात्रों को इसके प्रति सचेत किया। शर्मा ने कहा कि सूचना के अधिकार के तहत प्रार्थी किसी कार्य का नमूना भी ले सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पत्रकार इस कानून का उपयोग सार्वजनिक हित में करेंगे। व्याख्यान के अंत में उन्होंने छात्रों के प्रश्नों के उत्तर दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरू प्रो. एन.के. पाण्डेय ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार अधिनियम से प्रशासन में पारदर्शिता आई है। यह भ्रष्टाचार की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने में सहायक सिद्ध हुआ है। आज सभी संस्थाओं की गतिविधियां और कार्यकलाप देखे जा रहे हैं।कुलसचिव डॉ. सत्येंद्र बसवाल ने कहा कि सूचना का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है। इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए साधन और साध्य की पवित्रता आवश्यक है। अंत में उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top