
शिमला, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा है कि संगठनात्मक विस्तार की दिशा में भाजपा ने अपने छह मोर्चों का गठन पूर्ण कर लिया है। इनमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, किसान मोर्चा और ओबीसी मोर्चा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी मोर्चे अब संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान में सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।
डॉ. बिन्दल शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार पूरी तरह से युवा और बेरोजगार विरोधी साबित हुई है। सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने युवाओं से अनेक झूठे वादे किए, लेकिन सरकार बनने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनावों के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था और कहा था कि पहली ही कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा, परंतु आज तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी एक भी नियमित भर्ती नहीं हुई।
डॉ. बिन्दल ने आरोप लगाया कि सरकार ने नौकरी देने वाले संस्थानों को ही बंद कर दिया है और रोजगार आयोग की भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वन मित्र, रोगी मित्र और पशु मित्र जैसी योजनाओं के नाम पर चार से साढ़े चार हजार रुपये की मामूली नौकरियों के जरिए युवाओं के साथ मजाक किया है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों में हजारों पद समाप्त कर दिए गए हैं। हाउसिंग बोर्ड में 137 पद खत्म किए गए, जबकि बिजली बोर्ड में भी अनेक पदों को समाप्त कर दिया गया। प्रदेश के विभिन्न विभागों में 1 लाख 45 हजार पद रिक्त पड़े थे, जिन्हें सरकार ने समाप्त कर दिया है। इतना ही नहीं, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भी कई पदों को समाप्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब तक लगभग 2000 स्कूल बंद किए हैं। यदि प्रति स्कूल औसतन 10 कर्मचारी मानें तो करीब 20 हजार लोगों के रोजगार के अवसर समाप्त हुए हैं। इसके अलावा सरकार ने पटवार सर्कल, सब-तहसीलें, पीडब्ल्यूडी, आईपीएच कार्यालयों, पीएचसी और सीएचसी जैसे कई विभागीय दफ्तर भी बंद कर दिए हैं। इससे सीधे तौर पर प्रदेश के युवाओं के रोजगार अवसर खत्म हुए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
