

रांची, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) । झारखंड के आम ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस्तक दी है। मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह के निर्देश पर बाजार समिति जमशेदपुर की पहल से पूर्वी सिंहभूम और पाकुड़ जिले के किसानों द्वारा उत्पादित प्रीमियम आम को सऊदी अरब के जेद्दा और रियाद शहर में सफलतापूर्वक निर्यात किया गया। यह निर्यात ऑल सीजन फार्म फ्रेश संस्था द्वारा किया गया।
मार्केटिंग बोर्ड अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बुधवार को प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि यह किसानों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। हम जल्द ही राज्यभर में किसानों को निर्यात की प्रक्रिया पर प्रशिक्षण देंगे, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर मूल्य मिल सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस उपलब्धि को बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन एपेडा ने भी इस सफलता को ट्वीट कर साझा किया और झारखंडी आम की गुणवत्ता की प्रशंसा की।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
