Bihar

सन्हौली गांव में घुसा बाढ़ का पानी, लोगों की बढ़ी परेशानी

गांव में घुसा पानी

भागलपुर, 4 अगस्त (Udaipur Kiran) । दोस्तनी गांव के समीप तटबंध टूटने के बाद जिले के‌ जगदीशपुर प्रखंड के सन्हौली और भड़ोखर गांव में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है।

सबसे बड़ी बात यह है कि प्रशासनिक स्तर से अभी तक बाढ़ पीड़ितों को राहत और बचाव के लिए कोई सहायता नहीं पहुंचाई गई है। सन्हौली गांव के वार्ड 10 में दो दिन से बिजली भी नहीं है। जिसके कारण लोगों के समक्ष पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। यदि प्रशासन के द्वारा पेयजल की व्यवस्था नहीं की जाती है तो लोग दूषित पानी पीने को विवश हो जाएंगे। सन्हौली के लोगों ने बताया कि रविवार को दिन में करीब दो फीट पानी घटा था। लेकिन लगातार बारिश के बाद शाम को पुनः तेजी से जलस्तर बढ़ने लगा। बाढ़ का सामना कर‌ रहे सन्हौली और भड़ोखर के लोग जलस्तर को बढ़ता देख भयभीत हो रहे हैं।

पंचायत के मुखिया मरगुब ने अधिकारियों से बाढ़ से राहत के लिए अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि अभी तक हम लोगों को कोई भी राहत सामग्री नहीं मिली है। जबकि पानी रहने की वजह से हम लोगों के घर में खाना भी नहीं बना है। वहीं जगदीशपुर अंचलाधिकारी अमर कुमार शर्मा ने बताया कि कर्मचारी से रिपोर्ट मांगा गया है। उसके बाद जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Most Popular

To Top