Bihar

(अपडेट) कटिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 464049 लोग प्रभावित

बाढ़ पीड़ित

कटिहार, 11 अगस्त (Udaipur Kiran) । कटिहार जिला अंतर्गत गंगा, कोसी, बरांडी और कारीकोसी नदियों के जल स्तर में वृद्धि के कारण कई अंचलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। अब तक 49 पंचायतों के 372 वार्डों और 3 नगर पंचायतों के 31 वार्डों में 464049 लोग प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अब तक 16585 परिवारों को पॉलीथीन सीट उपलब्ध कराया गया है। आवागमन बनाये रखने हेतु 68 नाव निःशुल्क परिचालित किए गए हैं। अमदाबाद अंचल में 5 सामुदायिक रसोई केंद्र के माध्यम से 2917 व्यक्तियों को दिन का भोजन कराया गया है। रात्रि से और अधिक संख्या में सामुदायिक रसोई केंद्र प्रारंभ हो जाने की व्यवस्था की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में 19 कैंपों के माध्यम से 909 व्यक्तियों का इलाज किया गया है। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के अनुसार 61 आंगनवाड़ी केंद्रों को सुरक्षित एवं ऊँचे स्थानों पर शिफ्ट कर परिचालित कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर वरीय नोडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और अन्य विभागों के पदाधिकारियों को प्रभावित अंचलों में भेजकर स्थिति का जायजा लिया गया। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद करने के लिए प्रयासरत है।

—————

(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह

Most Popular

To Top