
– रक्षा राज्य मंत्री सेठ ने की नितिन गडकरी से मुलाकात
रांची, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) । नई दिल्ली में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बुधवार को मुलाकात की। मुलाकात के दौरान रांची में एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए उनके प्रति आभार जताया। इसके साथ ही रक्षा राज्य मंत्री ने उन्हें एक स्मरण पत्र भी सौंपा, जिसमें रांची में फ्लैश चार्जिंग बस, आउटर रिंग रोड और एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोहराय पेंटिंग का आग्रह था। केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इन तीनों ही मामलों में तुरंत कार्रवाई का निर्देश जारी कर दिया। रांची में फ्लैश चार्जिंग बस के संचालन के लिए डीपीआर बनाने का भी निर्देश दिया है। फ्लैश चार्जिंग बस रांची से जमशेदपुर के लिए चलेगी और रांची शहर में भी चलेगी, जिसमें एक साथ 135 लोग बैठकर यात्रा कर सकेंगे। इस बस में दिव्यांगजनों के लिए बैठने की सीट आरक्षित होगी। चाय कॉफी के लिए भी अलग से काउंटर होगा। बस की विशेषता होगी कि महज 15 सेकंड चार्ज होने के बाद यह बस 40 किलोमीटर तक चल सकेगी। नागपुर के बाद रांची इस देश का दूसरा शहर होगा, जहां इसकी सौगात दी जा रही है। नागपुर में बस के लिए टाटा कंपनी को ऑर्डर भी दिया जा चुका है।
एलिवेटेड कॉरिडोर में सोहराय पेंटिंग का आग्रह रक्षा राज्य मंत्री ने नितिन गडकरी से किया। इस पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश उन्होंने राजमार्ग प्राधिकरण को दिया है। बहुत जल्द ही रातू रोड का एलिवेटेड कॉरिडोर झारखंड की संस्कृति के साथ जल, जंगल, जमीन की अलौकिक छटा और सोहराय पेंटिंग से सुसज्जित होगा। रांची में आउटर रिंग रोड को लेकर भी सेठ ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने आउटर रिंग रोड का भी डीपीआर बनाने का निर्देश एनएचएआई अधिकारियों को दिया है। 6500 करोड रुपये की लागत से इसका डीपीआर तैयार किया जाएगा। इन तीन सौगातों पर पहल के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर चल रहा है और रांची के विकास को भी गति मिल रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से नितिन गडकरी का झारखंड और रांची के प्रति अगाध प्रेम है। उन्होंने प्रधानमंत्री और राजमार्ग मंत्री के प्रति रांची की जनता की तरफ से कृतज्ञता प्रकट की है और कहा है कि इन तीनों परियोजनाओं से झारखंड की राजधानी रांची को एक नई पहचान मिलेगी। रांची शहर का विस्तार होगा और देश की प्रगति के पथ पर रांची भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
