RAJASTHAN

राजसमंद के पांच बांध ओवरफ्लो, झील में शुरू हुई पानी की आवक

राजसमंद के पांच बांध ओवरफ्लो, झील में शुरू हुई पानी की आवक

राजसमंद, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । राजमसंद जिले में मानसून की अच्छी वर्षा के चलते जलस्रोतों में उल्लेखनीय जलभराव हुआ है। जिले के कुल 25 बांधों में से बाघेरी नाका, नंदसमंद, चिकलवास, कुंडली व कुंठवा वियर सहित पांच बांध ओवरफ्लो हो चुके हैं, जबकि छह अन्य बांधों में जलस्तर में वृद्धि हुई है। एक बांध वर्तमान में लबालब स्थिति में है।

राजसमंद के प्रमुख पेयजल स्रोत बाघेरी नाका बांध में इस बार 6 जुलाई को ही पानी की आवक शुरू हो गई थी और यह इस मानसून में 18वीं बार छलका। इसकी कुल भराव क्षमता 311.68 एमसीएफटी है तथा यह 32.80 फीट गेज पर पूर्ण भरता है। वर्तमान में इस पर लगभग 1 फीट 2 इंच की चादर चल रही है। बाघेरी नाका से 346 गांवों को पेयजल आपूर्ति की जाती है।

बाघेरी नाका के छलकने के बाद उससे जुड़ा नंदसमंद बांध भी भर गया है। नंदसमंद की कुल भराव क्षमता 750 एमसीएफटी तथा गेज 30.80 फीट है। इस बांध के पांच गेट बनास नदी की ओर खोले गए हैं और साथ ही खारी फीडर में भी पांच फीट गेज पर पानी छोड़ा गया है। इससे राजसमंद झील में पानी की आवक प्रारंभ हो गई है।

नंदसमंद बांध से नाथद्वारा नगर को पेयजल आपूर्ति की जाती है, जबकि अतिरिक्त पानी राजसमंद व रेलमगरा क्षेत्र में उपयोग होता है। राजसमंद झील का कुल गेज 30 फीट है। वर्तमान में इसमें 15.70 फीट पानी है। इस वर्ष बारिश से अब तक 1.20 फीट पानी की आवक दर्ज हुई है। खारी फीडर से पानी की निरंतर आवक के कारण गेज में बढ़ोतरी की संभावना है। गोमती नदी का पानी अभी झील तक नहीं पहुंचा है, लेकिन यदि दोनों स्रोतों से पानी पहुंचा तो झील का जलस्तर उल्लेखनीय रूप से बढ़ेगा।

इधर, चिकलवास बांध, कुंडली और कुंठवा वियर भी ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में जलसंग्रह की स्थिति और सुदृढ़ हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Most Popular

To Top