CRIME

अवैध रूप से पटाखा बेच रहे विभिन्न जगहों से पांच गिरफ्तार

अवैध रूप से पटाखा बेच रहे विभिन्न जगहों से पांच गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अवैध रूप से पटाखा बेचने वालों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत पुलिस ने विभिन्न जगहों से अवैध रूप से पटाखा बेच रहे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद किया है।

थाना बादलपुर पुलिस ने गुरुवार की सुबह एक सूचना के आधार पर विष्णु शर्मा को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखा बरामद किया है। इनकी गिरफ्तारी छपरौला के पास से हुई है।

थाना फेस -2 के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि बीती रात को उप निरीक्षक उमेश कुमार सैनी ने गेझा गांव के पास से वसीम उर्फ शिबू को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपित ने एक दुकान में लाखों रुपये कीमत का अवैध पटाखा भंडारण करके रखा था। उन्होंने बताया कि घनी बस्ती गेझा मार्केट में विस्फोटक सामग्री रखी थी, तथा बेची जा रही थी। यह जनमानस के लिए अत्यंत घातक था। उन्होंने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर उसे आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव ने शहनवाज उर्फ समीर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी सेक्टर 82 कट के पास से हुई है। आरोपित ने प्लास्टिक के कट्टों और कार्टून में भरकर अवैध पटाखे को अपनी दुकान में रखा था। इसके पास कोई लाइसेंस भी नहीं था। उन्होंने बताया कि बरामद पटाखे की कीमत लाखों रुपये है।

थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि बीती रात को एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने नदीम को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद किया है।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक अंकुर चौधरी ने बीती रात को एक सूचना के आधार पर कुलदीप पुत्र अतर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी सेक्टर 37 के वेंडर जोन के पास से हुई है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने 100 किलोग्राम से ज्यादा विस्फोटक पदार्थ (पटाखे) बरामद किया है। उन्होंने बताया कि यह अवैध रूप से पटाखा बेच रहा था।

(Udaipur Kiran) / सुरेश चौधरी

Most Popular

To Top