

श्रीकाकुलम, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि गलती से बांग्लादेशी जलक्षेत्र में प्रवेश करने वाले विजयनगरम जिले के मछुआरों को वहां से छुड़वा कर जल्द ही सुरक्षित वापस लाया जाएगा। केंद्र सरकार इसके लिए
सभी जरूरी कदम उठा रही है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू गुरुवार को यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बुधवार की रात विदेश मंत्री जयशंकर से चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री नायडू ने कहा कि मछुआरों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार की ओर से सभी कदम उठाए जा रहे हैं। वे स्वयं मछुआरों को वापस लाने के लिए बांग्लादेशी दूतावास और अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
उल्लेखनीय है कि विजयनगरम जिले के पुसापतिरेगा मंडल के तिप्पलावलसा और भोगापुरम मंडल के कोंड्राजूपालम के आठ मछुआरे 13 अक्टूबर को विशाखापत्तनम बंदरगाह से मछली पकड़ने वाली एक नाव से निकले थे। इस दौरान वे रास्ता भटक गए और 14 अक्टूबर को लगभग 2 बजे बांग्लादेश तटरक्षक बल के क्षेत्र में प्रवेश कर गए। इसके बाद कई मछुआरे को बांग्लादेश तटरक्षक बल ने पकड़ लिया था। मछुआरों के पहचान पत्र, जीपीएस सिस्टम और इको फाइंडर उपकरण देखने के बाद भी बांग्लादेश के
नौसेना अधिकारियों ने उन्हें नहीं छोड़ा। जानकारी के अनुसार बांग्लादेश में फंसे कुछ मछुवारों की पहचान पुसापतिरेगा मंडल के तिप्पलावलसा गांव के नक्का रमना और वासुपल्ली सीताय्या, भोगापुरम मंडल के कोंड्राजूपालम गांव के मारुपल्ली चिन्नप्पन्ना और मारुपल्ली रमेश, सुरदा अप्पलाकोंडा और मारुपा के रूप में हुई है।
—————
(Udaipur Kiran) / नागराज राव