Sports

फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप: चौथे दिन ओडिशा, पंजाब, चंडीगढ़ और तमिलनाडु ने दर्ज की जीत

फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025-26

चेन्नई, 21 जून (Udaipur Kiran) । चेन्नई में चल रहे फर्स्ट हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 के चौथे दिन खेले गए मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक हॉकी का नजारा देखने को मिला। महिला वर्ग में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और हॉकी पंजाब ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अहम अंक हासिल किए, वहीं पुरुष वर्ग में हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने प्रभावशाली जीत दर्ज की।

महिला वर्ग-

पहले मुकाबले में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 2–1 से हराया। ओडिशा की ओर से सरिता लकड़ा ने 17वें और 27वें मिनट में दो गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि तमिलनाडु की ओर से सौम्या ने 28वें मिनट में एकमात्र गोल किया।

दिन के दूसरे महिला मुकाबले में हॉकी पंजाब ने हॉकी हरियाणा को कड़े संघर्ष में 1–0 से पराजित किया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच संतुलित खेल देखने को मिला, लेकिन 52वें मिनट में कप्तान अमनदीप कौर ने निर्णायक गोल कर पंजाब को जीत दिला दी।

पुरुष वर्ग-

पहले मुकाबले में हॉकी चंडीगढ़ ने मणिपुर हॉकी को 5–1 से हराया। चंडीगढ़ के लिए संजय कुमार (19’), हरविंदर सिंह (23’), रविंदर सिंह (24’), विक्रम सैनी (49’) और अमितसिंह राजपूत (58’) ने गोल किए। मणिपुर की ओर से एकमात्र गोल पांगंबम प्रियोकुमार सिंह (25’) ने किया।

दिन का अंतिम और सबसे एकतरफा मुकाबला हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और हॉकी आंध्र प्रदेश के बीच खेला गया, जिसमें तमिलनाडु ने 11–0 की प्रचंड जीत दर्ज की। तमिलनाडु के लिए कप्तान एडम एंटनी सिंक्लेयर (9’, 38’) और सेड्रिक मार्सेलिन डी क्रूज (43’, 52’) ने दो-दो गोल किए। इनके अलावा रमन आर, गोवतमन, सुधर्शन एस, रमेश नल्लमुथु, विनोथकुमार, रामदॉस वी, और विनोथ कुमार एपी ने भी एक-एक गोल दागे।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top