Sports

एफआईएच प्रो लीग : भारतीय टीम का खराब प्रदर्शन जारी, ऑस्ट्रेलिया ने 3-2 से दी मात

हॉकी

एंटवर्प (बेल्जियम), 15 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के यूरोपीय चरण में खराब प्रदर्शन जारी है। रविवार को एंटवर्प में चल रहे एफआईएच हॉकी प्रो लीग मुकाबले में भारतीय टीम को एक बार ऑस्ट्रेलिया से 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भारत नीदरलैंड और अर्जेंटीना से मुकाबले हार चुका है। हालांकि यह सभी मुकाबले करीबी रहे थे।

मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की ओर से टिम ब्रैंड (4वें मिनट), ब्लेक गोवर्स (5वें मिनट) और कूपर बर्न्स (18वें मिनट) के गोलों ने उनकी टीम की जीत सुनिश्चित की, जबकि संजय (3वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (36वें मिनट) ने भारतीय टीम के लिए गोल किए।

मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार शुरुआत की। टीम के खिलाड़ी संजय ने तीसरे मिनट में ही एक गोल करके भारत को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने अगले ही मिनट में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। टिम ब्रैंड ने सनसनीखेज अंदाज में गोल किया। कुछ ही सेकंड बाद ब्लेक गोवर्स ने दूसरा गोल करके ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से आगे कर दिया। भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण को रोकने के लिए कुछ खास नहीं कर सके।

पहले क्वार्टर ब्रेक पर ऑस्ट्रेलिया 2-1 से आगे था। फिर 18वें मिनट में कूपर बर्न्स ने गोल करते हुए इसे 3-1 तक बढ़ा दिया। इस गोल ने भारतीय टीम को दबाव में ला दिया। ऑस्ट्रेलिया ने तेज गति से आक्रमण करके अपनी बढ़त बढ़ाने की कोशिश की। अगले कुछ मिनटों में दोनों टीमों ने पीसी का आदान-प्रदान किया, लेकिन किसी को भी सफलता नहीं मिली। पहले हाफ का अंत ऑस्ट्रेलिया के दो गोल से आगे रहने के साथ हुआ।

सेकेंड हाफ में भारतीय टीम ने पूरे जोश के साथ वापसी की और अंतर को कम किया। दिलप्रीत ने 36वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में कुछ ऐसे मौके आए जब भारतीय खिलाड़ी स्कोर बराबरी करके वापसी कर सकते थे, लेकिन वे मौकों का फायदा नहीं उठा पाए। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को अंतिम चरण में रोककर महत्वपूर्ण जीत के साथ खेल का अंत किया।

———————

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top