
मैहर के कृषि प्रक्षेत्र गहबरा को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से जोडा जाएगाः केन्द्रीय कृषि मंत्री
भोपाल, 11 सितम्बर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैहर जिले के कृषि प्रक्षेत्र गहबरा को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की गतिविधियों से जोडकर यहां के किसानों को उन्नत तकनीकों एवं कृषि क्षेत्र के विस्तार का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त खाद की उचित व्यवस्था कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान गुरुवार को मैहर जिले के कृषि प्रक्षेत्र गहबरा में कृषक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैहर जिला गठन के साथ ही मां शारदा लोक के निर्माण की नीव भी पड़ी है। मैहर जिले का तेज गति से विकास होगा और यहां किसानों के लिए कृषि प्रक्षेत्र गहबरा को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से जोड़कर उन्नति तकनीकों का लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की सेवा भगवान की पूजा है। केन्द्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से नवरात्रि शुरू हो रही है। कृषि उपकरणों एवं अन्य संसाधनों पर 12 प्रतिशत की जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। अब ट्रैक्टर पर 43 से 63 हजार रुपये तक की कीमत कम हुई है। थ्रेसर के दाम पांच हजार रुपये और हार्वेस्टर की कीमतें दो लाख 35 हजार रुपये तक कम हुई है। इसके अलावा मोटर साइकिल, साइकिल, किताबें, कपडे सभी सस्ते होंगे तो महंगाई तेजी से घटेगी। दूध के उत्पाद पनीर, घी पर भी जीएसटी समाप्त होगा तो किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से कहा कि अपना देश आत्मनिर्भर बने और लोगों को रोजगार मिले इसके लिए अपनी रोजमर्रा जरूरतों का समान अपने देश में ही बनी हुई खरीदे। उन्होंने स्वदेशी वस्तुयें खरीदने का संकल्प भी किसानों को दिलाया।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग का मंत्री होने के नाते ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और गरीबों का कल्याण और उनके लिए पक्के आवास, लाडली बहनों को लखपति दीदी बनाने का कार्य भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आजीविका मिशन के माध्यम से समूह की हर गरीब दीदी को लखपति बनाने के प्रयास चल रहे हैं।
उन्होंने खाद की समस्या पर किसानों को आश्वास्त करते हुए कहा कि खाद की उचित व्यवस्था कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। राज्य शासन और रसायन मंत्रालय के समन्वय से सुचारू व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल बारिश अच्छी होने से धान का रकबा बढा है और पिछली साल की तुलना में इस साल सवा गुनी मात्रा में खाद आपूर्ति की जा चुकी है। उन्होंने किसानों से कहा कि धैर्य रखे किसानों को लिए पर्याप्त उर्वरक की व्यवस्था की जायेगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निगरानी रखे, ताकि खाद की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग नहीं हो। खाद के साथ अन्य चीजों को खरीदने के लिए कोई भी मजबूर नहीं कर सकता। किसान अपनी जरूरत की वस्तुएं ले। उन्होंने कहा कि नकली पेप्टी साइड बनाने की फैक्ट्री सील की गई है और खराब फसलों का मुआवजा भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कंपनियों से बातचीत कर क्लेम दिलाया जायेगा।
कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री को कृषि विज्ञान केन्द्र मझगवां द्वारा कृषि साहित्य भेंट किया गया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर कृषि विभाग तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा लगाई गई जैविक कृषि उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम को जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने भी संबोधित किया। सांसद गणेश सिंह ने मैहर जिले में कृषि प्रक्षेत्र गहबरा में कृषि विज्ञान केन्द्र खोलने के लिए कृषि मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने मैहर में कृषि महाविद्यालय, कृषक भवन का निर्माण, कृषि उपज मंडी में भंडारण गोदाम तथा बीज एवं उर्वरक प्रयोगशाला खोलने संबंधी मांग पत्र प्रस्तुत किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सतना भगवती प्रसाद पाण्डेय, मैहर कमलेश सुहाने, कलेक्टर रानी बाटड, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, उप संचालक कृषि आशीष पाण्डेय, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक नवीन कुमार शर्मा, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल, एसडीएम दिव्या पटेल, एसडीओपी ख्याति मिश्रा सहित बडी संख्या में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और किसान उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) तोमर
