
उज्जैन, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंगलवार को शहर में अखिल भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में जिलेभर के किसानों ने ट्रेक्टर रैली निकाली। रैली में करीब 3 हजार ट्रेक्टर शामिल रहे वहीं 10 हजार से अधिक किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
सामाजिक न्याय परिसर से दोपहर करीब 12 बजे किसानों की ट्रेटर रैली किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्रा,प्रांत महामंत्री रमेश दांगी,मालवा प्रांताध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल,प्रांत संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी,मध्य क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी,प्रदेश अध्यक्ष कमलसिंह आंजना आदि की उपस्थिति में सामाजिक न्याय परिसर से प्रारंभ हुई। सामाजिक न्याय परिसर से रैली 2 से 4 ट्रेक्टरों की कतार में निकली। चामुण्डा माता मंदिर चौराहे से यह रैली फ्रीगंज ओव्हर ब्रीज की एक लेन में दो-दो ट्रेक्टर की कतार में निकलने लगी। इस रैली की लम्बाई करीब 3 किमी रही। ट्रेक्टर पर किसान संघ का ध्वज लगाकर किसान निकले। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। ये सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि की लैण्ड पूलिंग योजना सहित अपनी विभिन्न 15 मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। इनके अलावा बड़ी संख्या में किसान दो पहिया वाहनों पर सवार थे। रैली सामाजिक न्याय परिसर से चामुण्डा माता मंदिर चौराहा, फ्रीगंज ओव्हर ब्रीज, घण्टाघर, तीन बत्ती, देवास मार्ग होकर सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल पहुंची और जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन दिया गया।
रैली निकलने से पूर्व किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्रा सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित किया। श्री मिश्रा ने कहाकि सिंहस्थ हजारों वर्ष से लग रहा है। तब न तो केंद्र सरकारें होती थी और न ही राज्य सरकारें। मेला लगता था। अब सरकार किसानों की जमीन लेकर जल्दबाजी में गलती कर रही है। किसान संघ किसानों की जमीन लेकर उस पर स्थायी निर्माण का विरोध करता है। किसान संघ को किसी से बातचीत से परहेज नहीं है। पदाधिकारियों द्वारा ज्ञापन में अपनी 15 मांगों को दोहराते हुए आगे भी आंदेालन की चेतावनी दी गई कि मांगों पर ध्यान नहीं देने पर गांवों से दूध,सब्जी की सप्लाई रोक दी जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
