
जबलपुर, 22 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय किसान संघ जबलपुर के पदाधिकारियों ने नहर विभाग के बाईं तट व दाईं तट के अधिकारियों के साथ बरगी हिल्स में किसानों की नहर संबंधी विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक की। बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए पाटन तहसील अध्यक्ष मुकुल पचौरी ने बताया कि मानसून विलंब से आने के कारण धान की फसल पर संकट के बादल छाने लगे हैं। किसानों ने धान के रोपा बो दिए हैं। यदि समय पर पानी नहीं बरसता है तो किसान की धान की फसल के लिए समस्या पैदा हो जायेगी।
भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष रामकृष्ण सोनी ने नहर विभाग के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि शीघ्र नहरों की साफ सफाई व मरम्मत का कार्य समय पर पूर्ण कराएं। जिलाध्यक्ष रामदास पटेल के साथ आए पाटन, बरगी, सिहोरा एवं शहपुरा तहसील के अध्यक्ष व किसानों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा।
नहर विभाग के मुख्य अभियन्ता को सौंपे ज्ञापन में भारतीय किसान संघ ने मांग रखी की अतिशीघ्र एक जुलाई से नहरों में पानी छोड़ने की व्यवस्था की जाए। जिससे किसान मानसून के विलंब की स्थिति में समय पर धान रोपाई का कार्य कर सके। जिस पर नहर विभाग के अधिकारी मुख्य अभियंता के. एस. कुशरे एवं कार्यपालन यंत्री खत्री जी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल कार्यवाही की बात कही।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम नारायण पचौरी, सम्भागीय उपाध्यक्ष व विद्युत नियामक आयोग के सदस्य दामोदर पटेल, पुखराज चंदेल, प्रांत उपाध्यक्ष मोहन तिवारी, आलोक पटेल ,जिला अध्यक्ष रामदास पटेल, उपाध्यक्ष रामकृष्ण सोनी, तहसील अध्यक्ष मुकुल पचौरी, तहसील मंत्री रीतेश पटेल, आनंद, गौरी शंकर, मोहित पचौरी, दिनेश पटेल, हर्ष साहू एवं बड़ी संख्या में किसानों के साथ नहर विभाग के अधिकारीयों में मुख्य अभियंता के.एस. कुशरे, एसडीओ संगीता दिवाकर, पी के खत्री, एस के शर्मा, मनीष दीक्षित सहित विभाग के अन्य अधिकारीओं की उपस्थिति रही।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
