
हरिद्वार, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । ग्राम बांसोवाली में भेल प्रशासन द्वारा खेत में कार्य करने से रोकने पर नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। किसान संघर्ष समिति के तत्वावधान में नाराज किसान सुबह ही खेतों में पहुंच गए और कार्य करने लगे।
किसान ब्रह्मपाल चौहान, विनोद चौहान ने कहा कि जब भेल प्रशासन को अधिग्रहण की गई कृषि भूमि पर कोई कार्य नहीं करना है तो भूमि किसानों को वापस दी जाए। भूमि के बदले मुआवजा भी नहीं दिया गया। जबकि भूमि अधिग्रहण के समय नौकरी, मुआवजा, अन्य सुख सुविधाओं का वादा किया गया था।
अंकित चौहान, सुक्कड़ चौहान ने कहा कि हमारी भूमि पर हमें ही कार्य करने से रोका जा रहा है। पिछले 60 वर्षों से भूमि के लिए संघर्ष हो रहा है। जिस कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण की थी वह कार्य नहीं किया गया। भूमि पर भेल प्रशासन अतिक्रमण करवा रहा है साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग कर कॉलोनियां काटी जा रही हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों की भूमि वापस की जाए। अब तो नई खतौनी में नाम भी राज्य सरकार का हैं। भेल का कोई मतलब नहीं है।
प्रदर्शन में वीरेंद्र चौधरी, इसरार, धर्मेंद्र सैनी, शिमला सैनी, कृष्णा सैनी, गुल्लू घोसी, मेमवती, गजेंद्र चौधरी, लियाकत खान, मंगता हसन, सुशील चौहान, धर्मदास सैनी, धनवंतरी चौहान, महेशो देवी, जमील अहमद, सोनू खुशनसीब आदि शामिल थे।
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
