मुंबई, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को मुंबई में शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत पर मराठवाड़ा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते समय ड्राईफ्रूट खाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शिवसेना यूबीटी को किसानों की बेहाली का जरा सा भी भान नहीं है। शिवसेना यूबीटी के सांसदों और विधायकों को बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद करनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ आज मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान जब उद्धव ठाकरे निरीक्षण कर रहे थे, तब सांसद संजय राऊत एसी मर्सिडीज में बैठकर ड्राई फ्रूट्स खा रहे थे। राऊत को गाड़ी से उतरकर किसानों का दुख जानने की भी ज़रूरत महसूस नहीं हुई। उन्हें लोगों की नहीं तो कम से कम अपने मन की तो शर्म करनी चाहिए थी। राऊत और उबाठा गुट त्रस्त किसानों का क्रूर मज़ाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों का क्रूर मज़ाक उड़ाने के लिए राऊत को माफी मांगनी चाहिए।
बन ने कहा कि मराठवाड़ा और कई अन्य जिलों में भारी बारिश के कारण किसानों के घर और फसलें बह गई हैं। उन्हें तत्काल मदद की ज़रूरत है। इस गंभीर स्थिति में, भाजपा-महायुति सरकार तुरंत सहायता के लिए आगे आई है। किसानों के खातों में पहले चरण की मदद जमा भी हो गई है और बचे हुए किसानों को भी यह जल्द ही मिल जाएगी। महायुति के विधायकों और सांसदों ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए अपने एक महीने का वेतन दिया है। इसके विपरीत, संजय राऊत और उबाठा गुट ने बाढ़ प्रभावित किसानों को एक दमड़ी (एक पैसा) की भी मदद नहीं की है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
