HimachalPradesh

किसान गोष्ठी : राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्टअप योजना के लाभों बारे किया जागरूक

कठयांहूं में किसान गोष्ठी को संबोधित करते हुए।

मंडी, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मंडी जिला के उपमंडल बल्ह की ग्राम पंचायत कठयाहूं में आत्मा परियोजना मंडी के तत्वावधान में एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में लगभग 200 किसानों ने भाग लिया और प्राकृतिक खेती अपनाने में अपनी रूचि दिखाई। कार्यक्रम में उप-परियोजना निदेशक डॉ. हितेंद्र ठाकुर एवं डॉ. संजय कुमार ठाकुर ने किसानों को प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, जैविक घोलों की तैयारी, फसल विविधीकरण तथा मिट्टी के स्वास्थ्य सुधार पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्टअप योजना के माध्यम से प्राकृतिक खेती की तकनीकों, लाभों और सफल प्रयोगों से अवगत कराना है। प्राकृतिक खेती से न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि फसलों की गुणवत्ता और किसानों की आय दोनों में निरंतर वृद्धि होती है।

उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे देसी हिमाचली बीजों और प्राकृतिक पद्धतियों को अपनाकर प्रदेश को “प्राकृतिक खेती की ओर हिमाचल” अभियान में अग्रणी बनाएं। इस अवसर पर खंड तकनीकी प्रबंधक बल्ह आरती सिंह एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक पूनम कुमारी ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि हिमाचल की असली ताकत हमारे देसी बीजों और प्राकृतिक पद्धतियों में निहित है। जब किसान अपने बीजों और मिट्टी से जुड़ते हैं, तभी खेती आत्मनिर्भर बनती है।

उन्होंने ग्राम पंचायत समिति कठियाहूं तथा दौलत राम का इस आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद किया। गोष्ठी में किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और प्राकृतिक खेती की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top