
अंबिकापुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran) । सरगुजा जिले में धान खरीद तिहार के बीच उपार्जन केंद्रों पर किसानों की आवाजाही तेज हो गई है। अम्बिकापुर विकासखंड के नमनकला धान उपार्जन केंद्र में किशुननगर के किसान सेदु राम ने अपना धान बेचने के बाद खरीद व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान खरीद प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुचारु, सुविधाजनक व पारदर्शी है।
सेदु राम ने बताया कि उनके पास 4 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे 3 एकड़ में धान की खेती करते हैं। इस सीजन उन्होंने 36 क्विंटल 60 किलो धान बिक्री के लिए पंजीकृत किया है। 15 नवंबर को टोकन कटाने के बाद वे निर्धारित समय पर पहले टोकन में 16 क्विंटल धान लेकर नमनकला केंद्र पहुंचे, जहां तुलाई और नमी परीक्षण की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हुई। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने से किसानों को वास्तविक आर्थिक मजबूती मिल रही है और खेती अब पहले की तुलना में अधिक स्थिर दिख रही है।
किसान सेदु राम ने यह भी बताया कि उन्हें किसान सम्मान निधि के तहत हर वर्ष 6000 रुपये मिलते हैं, जो बीज, खाद और बुवाई की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों से ग्रामीण कृषकों की आय और आत्मविश्वास दोनों बढ़े हैं।
(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह