CRIME

मकान के पीछे खेत में किसान ने कर दी गांजे की खेती, 167 पौधे बरामद

चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ीसादड़ी क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती करने के आरोप में गिरफ्तार किसान।

चित्तौड़गढ़, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले के बड़ीसादड़ी थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरा में अवैध रूप से गांजे की खेती करने का मामला सामने आया है। एक आरोपित ने अपने मकान के पीछे स्थित खेत में ही गांजे की फसल की बुवाई कर दी थी। इसकी सूचना के बाद बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने खेत पर दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 167 गांजे के हरे पौधे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपित से पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध यह कार्यवाही की गई है। बड़ीसादड़ी थानाधिकारी कमलचन्द मीणा व जाप्ते को विशेष सूत्रों से अवैध गांजे की खेती के बारे में पता चला था। बड़ीसादड़ी थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरा में भैरूसिंह मीणा ने अपने मकान के पीछे अपने खेत में अवैध गांजे की खेती की है। इसकी सूचना पर त्वरित कारवाई करते हुए पुलिस ने भैरूसिंह (58) पुत्र नारायण सिंह मीणा निवासी शिवपुरा के मकान पर पहुंच इसे डिटेन कर लिया। इसके मकान के पीछे खेत में लगे हरे रंग के नेट की आड में गांजे की बुवाई को हुई थी। मौके से गांजे के 167 हरे गीले पौधों को उखाड़ कर जब्त कर लिया। इसका कुल वजन 426 किलो हुआ। आरोपित भैरूसिंह मीणा के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट का अपराध प्रमाणित पाया जाने से प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्यवाही में कांस्टेबल अम्बाराम की विशेष भूमिका रही।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top