मुंबई, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारी बारिश से खेत में बना एक छप्पर गिर गया, जिससे एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर तहसील प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और किसान परिवार को मुआवजे की घोषणा की है।
तहसील सूत्रों ने रविवार को बताया कि शाहपुर तहसील के अलयानी गांव में किसान डुंडा मल्हारी निमसे (70) शनिवार को रात में अपने खेत में बने छप्पर में सोने गए थे। बीती रात हो रही जोरदार बारिश की वजह से छप्पर रात में ही गिर गया और इसके मलवे में दबकर किसान की मौत हो गई। इस घटना का पता तब चला जब उसके परिवार के सदस्य रविवार को सुबह खेत में काम करने गए थे। परिवार के सदस्यों ने खेत में जाकर देखा तो झोपड़ी गिरी हुई थी। डुंडा निमसे उसके नीचे दबा हुए थे। उसी समय घर के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। लेकिन उनकी मौत हो गई थी।
शाहपुर तहसीलदार परमेश्वर कासुले ने इस घटना का संज्ञान लिया और राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन को घटना स्थल पर जाकर तत्काल पंचनामा करने का आदेश दिया है। तहसीलदार ने कहा कि इस हादसे में मृत निमसे के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
