




हरदोई, 08 अगस्त (Udaipur Kiran) । काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव समापन समारोह के उपलक्ष में आज कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग हमें ज्ञान प्राप्ति के लिए करना चाहिए। हमें अपने शहीदों को नमन करना चाहिए, जिनका जीवन देश के नाम बलि चढ़ गया। देश की भावी पीढ़ी को अमर सेनानियों से सीख लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन हमारे सेनानियों के संघर्ष को दिखाता है। बच्चों को देश का इतिहास जानना चाहिए। उन्होंने शहीद भगत सिंह के साथी अमर सेनानी जयदेव कपूर के बारे में बताया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी अनुनय झा, अन्य अधिकारियों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गाँधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों व अधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट एस के त्रिवेदी व अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / अंबरीश कुमार सक्सेना
