

अशोकनगर, 09 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले में घटित कथित मैला कांड पर अशोकनगर पुलिस आरोपों के कटघरे में खड़ी है और यह कांड पुलिस के गले की हड्डी बन चुका है। बुधवार को फिर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक विडियो जारी कर फिर अशोकनगर पुलिस पर निशाना साधा और मुख्यमंत्री मोहन यादव और पुलिस महानिदेशक से संज्ञान लेने की मांग के साथ प्रकरण को कोर्ट में ले जाने की चेतावनी दी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकांउट पर एक विडियो प्रेषित किया, जिसके साथ लिखा कि वह एक दिन पूर्व अशोकनगर के मूंडरा गांव गए थे, जहां उन्हें गांव वालों ने सच्चाई से अवगत कराया कि आठ-दस दिन से गजराज लोधी और रघुराज लोधी गांव से गायब हैं। उनका कहना कि पुलिस उनके पूरे परिवार को उठाकर ले गई है। आखिर उनकी गलती क्या है? सिर्फ ये कि उन्होंने अपनी आपबीती प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सुना दी।
दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि इस सब में लोधी परिवार के घर पर न रहने के कारण एक गाय का बछड़ा भूख-प्यास से तड़प कर मर गया। उन्होंने लिखा कि गांव वालों ने जब लोधी परिवार के घर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें ये कहकर धमका दिया कि कोई उनके घर गया तो उस पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर दिया जाएगा।
दिग्विजय सिंह ने सवाल कर कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक इस पूरे मामले में संज्ञान लेंगे कि आखिर ये हो क्या रहा है? फरियादी और परिवार के प्रति पुलिस का व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने लिखा कि ये सरासर अन्याय है, हम न्याय की गुहार लेकर इस पूरे मामले को कोर्ट तक ले जायेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / देवेन्द्र ताम्रकार
