
वाराणसी, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । दुष्कर्म के आरोप में जिला कारागार में बंद आशुतोष सिंह (25) की सोमवार को कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल पहुंचे आशुतोष के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि जेल में उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर वहां से हटा दिया। परिजनों का कहना था कि उनके बेटे को झूठे आरोपों में फंसाया गया था, और वे उसके जल्द रिहा होने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित को फंसाने वाले लोग समझौते के लिए मोटी रकम की मांग कर रहे थे।
आशुतोष सिंह पिछले तीन सालों से चौकाघाट जिला कारागार में दुष्कर्म के आरोप में बंद था। उसकी तबियत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया था। आज उसकी पास्को कोर्ट में पेशी भी होने वाली थी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवाया है, और आगे की जांच जारी है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
