
झज्जर, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । शहर की लाल सिंह कॉलोनी पार्ट-3 में रहने वाले चांद सिंह का परिवार इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहा है। बीते एक साल पहले बड़ी मेहनत और जीवनभर की पूंजी लगाकर बनाए गए मकान में दरारें आ चुकी हैं। कारण मानसून के दौरान कॉलोनी में हुआ भीषण जलभराव, जो अब तक जस का तस बना हुआ है।
परिवार के अनुसार हर साल बरसात के मौसम में यहां पानी भर जाता है, लेकिन इस बार स्थिति और भी गंभीर हो गई है। चांद सिंह के मकान के चारों ओर पानी जमा हो गया है, जिससे घर की नींव कमजोर हो गई है और दीवारों में दरारें उभर आई हैं। मकान के अंदर नमी और रिसाव के कारण चांद सिंह का परिवार अब घर के अंदर रहने में असमर्थ हो गया है। मजबूरी में परिवार खुले आंगन में सोने को विवश है। जलभराव इतना अधिक है कि पशुओं को भी गंदे पानी में ही बांधना पड़ रहा है।
परिवार ने स्थानीय प्रशासन पर समय रहते जलनिकासी की उचित व्यवस्था न करने का आरोप लगाया है। चांद सिंह का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब स्थिति यह है कि मकान रहने लायक नहीं बचा और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। चांद सिंह ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है और अपने परिवार की खराब माली हालत का हवाला दिया है। उनका कहना है कि यदि जल्द मदद नहीं मिली, तो उनका परिवार पूरी तरह बेघर हो जाएगा। इस संबंध में जब स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। फिलहालए चांद सिंह के परिवार को राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
