Delhi

बेटी की शादी करने के लिए रची झूठी साजिश, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर पश्चिमी जिले के केशवपुरम इलाके में बेटी की शादी करने के लिए निजी कंपनी के कर्मचारी ने लूट की झूठी साजिश रच दी। पुलिस को कॉल कर उसने बताया कि दो बदमाशों ने जबरन उससे 10 लाख रुपये और उसकी सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने जांच की तो हकीकत का खुलासा हो गया।

आरोपित की निशानदेही पर उसके घर से 10 लाख रुपये बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया गया। पकड़े गए आरोपित की पहचान गुरदेव सिंह (54) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया है कि उसने मजबूर होकर वारदात को अंजाम दिया।

उत्तर-पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को इम्पेक्स कंपनी में कलेक्शन एजेंट का काम करने वाले गुरदेव सिंह ने 10 लाख रुपये लूट की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस रेलवे ओवर ब्रिज, प्रेमबारी पुल पर पहुंची तो शिकायतकर्ता पुलिस को वहां मिला। गुरदेव सिंह ने बताया कि मालिक विरेन चोपड़ा के कहने पर करोल बाग से उसने पेमेंट ली थी। करीब 1.30 बजे वह निकला। इस बीच वह कंपनी की ओर जाने लगा। रेलवे ओवर ब्रिज पर करीब 3.50 बजे पहुंचने पर दो अज्ञात युवकों ने उसकी स्कूटी को ओवरटेक कर गिरा दिया। बाद में वह जबरन कैश और उसकी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने घटना स्थल की जांच की तो वहां गिरने के कोई निशान नहीं मिले। इसके अलावा उसकी स्कूटी पर भी कोई खरोंच नहीं थी। शक के आधार पर उससे पूछताछ की गई तो वह टूट गया। उसने फर्जी लूट की कहानी की रचने की बात बताई। बेटी की शादी के लिए उसे रुपयों की जरूरत थी।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top