West Bengal

मुर्शिदाबाद में दो लाख रुपये के नकली नोट बरामद, दो गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद, 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ज़िले के शामशेरगंज थाने की पुलिस ने शनिवार रात एक विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। गुप्त सूचना के आधार पर धूलियन गंगा घाट इलाके के पास छापेमारी कर‍ पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लगभग दो लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए।

रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के नाम तैमूर शेख (50) और फरीदा बीबी (38) हैं। दोनों मालदह ज़िले के वैष्णवनगर थाना अंतर्गत हाजीपुर इलाके के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से लगभग एक लाख 99 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए।

पुलिस का कहना है कि बरामद नकली नोटों की मात्रा को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह एक बड़े फेक करेंसी रैकेट का हिस्सा है। प्रारंभिक जांच में यह भी शक जताया गया है कि नकली नोटों की यह खेप सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध रूप से देश में लाई जा रही थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपित स्थानीय बाज़ारों में इन नकली नोटों को फैलाने की योजना बना रहे थे। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ाई है और विभिन्न बाज़ारों व सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है।

दोनों आरोपितों को रविवार को अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे नकली नोटों को पहचानने के प्रति सतर्क रहें। यदि किसी को संदिग्ध मुद्रा मिले तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें। पुलिस का मानना है कि जन-जागरूकता ही नकली नोटों के फैलाव को रोकने का सबसे कारगर तरीका है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top