Madhya Pradesh

इंदौर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार: संजीवनी क्लिनिकों की श्रृंखला में एक और केंद्र जुड़ा

नवनिर्मित संजीवनी क्लिनिक

इंदौर, 07 जुलाई (Udaipur Kiran) । नगर निगम इंदौर द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत शहर में सीएम संजीवनी क्लिनिक की स्थापना की जा रही है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में सोमवार को विधानसभा क्षेत्र-4 के वार्ड 67 स्थित बालदा कॉलोनी में नवनिर्मित संजीवनी क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक मालिनी गौड़, वार्ड की पार्षद प्रिया डांगी, वैष्णव संस्था के पुरुषोत्तम पसारी सहित प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हमें स्वच्छ इंदौर में रहने का सौभाग्य मिला है, अब हमारा लक्ष्य है कि इसे देश का सबसे स्वस्थ शहर भी बनाया जाए। इंदौर में 105 से अधिक संजीवनी क्लिनिक बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 72 से अधिक तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इनके संचालन की व्यवस्था को सुदृढ़ करना और इसको समय समय पर अपग्रेड करते रहना। उन्होंने कहा कि इंदौर जनभागीदारी के मॉडल को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है। राज्य शासन से आग्रह के बाद 5 संजीवनी क्लिनिक जनसहयोग से संचालित करने की अनुमति दी गई, जो अब शुरू हो चुके हैं। यह क्लिनिक गरीबों के इलाज के लिए समर्पित हैं, जहाँ 117 प्रकार की जांच और 200 से अधिक दवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। इंदौर अब ऐसा पहला शहर बन गया है जो जनभागीदारी से स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन कर रहा है। ये सुविधाएं शहर की स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होंगी।

विधायक मालिनी गौड़ ने कहा वार्ड 67 में मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार रूप देने का काम हुआ है। इस संजीवनी क्लिनिक के खुलने से क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। हमारा शहर अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनभागीदारी से संजीवनी क्लिनिकों का संचालन कर रहा है, यह महत्वपूर्ण पहल विधायक मालिनी गौड़ ने इस पहल के लिए नगर निगम और महापौर भार्गव का आभार व्यक्त किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top