
नई दिल्ली, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर बुधवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में केंद्रीय राज्य एवं सड़क परिवहन मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने विशेष प्रदर्शनी “सेवा ही संकल्प, राष्ट्र प्रथम ही प्रेरणा–75 वर्ष अनुभूति और प्रदर्शनी” का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन, विचार और कार्यों को सम्मानित करने का सार्थक प्रयास है। जो हर नागरिक को सेवा, नवीन कार्यों और समर्पण के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री की प्रेरक जीवन यात्रा के साथ उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, वोकल फॉर लोकल और मेक इन इंडिया जैसी महत्वपूूर्ण पहलों को प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के बचपन पर आधारित शॉर्ट फिल्म “चलो जीतें हैं” की विशेष स्क्रीनिंग की गई।
इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, मुख्य सचेतक अभय वर्मा एवं अन्य विधायक उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री के संघर्षों, उपलब्धियों और वैश्विक पहचान को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व केवल योजनाओं के पैमाने पर ही नहीं, बल्कि उनके नैतिक संकल्प और “प्रधान सेवक” की भावना पर आधारित है। न्यू इंडिया का उनका विजन आज हर भारतीय में आत्मविश्वास भर रहा है- एक ऐसा भारत जो अपनी परंपरा पर गर्व करता है और आधुनिकता व प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 2 अक्टूबर तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में पौधारोपण किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
