Assam

आज से शुरू हुई भाजपा की 433 मंडल समितियों की कार्यकारिणी बैठकें

BJP

– विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का लिया प्रण

गुवाहाटी, 15 जून (Udaipur Kiran) । विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के 65 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने रविवार को अपने जीवन का सर्वोत्तम योगदान राष्ट्र को समर्पित करने का संकल्प लिया है। यह जानकारी प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी एक बयान में पार्टी के प्रवक्ता रंजीव कुमार शर्मा ने दी।

शर्मा ने बताया कि आज से असम प्रदेश भाजपा के 39 सांगठनिक जिलों के अंतर्गत 433 मंडल समितियों की कार्यकारिणी बैठकों की शुरुआत हो चुकी है। इन बैठकों में भाग लेने वाले सभी कार्यकर्ता देश, धर्म, जाति, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कर रहे हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भ्रष्टाचारमुक्त समाज के निर्माण में समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता आम नागरिकों को भी सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, पारदर्शिता बनाए रखने और उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता उपनिवेशवादी मानसिकता और परिवारवादी राजनीति के विरुद्ध सदैव मुखर रहेंगे।

ज्ञात हो कि 21 मई को जोरहाट में संपन्न प्रदेश भाजपा की विस्तारित कार्यकारिणी बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया था कि प्रदेश से नियुक्त प्रभारियों की उपस्थिति में जिला और मंडल स्तर पर कार्यकारिणी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके तहत 28 मई से 17 जून के बीच जिला कार्यकारिणी और 15 जून से 25 जून के बीच मंडल कार्यकारिणी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

अब तक कई जिलों में कार्यकारिणी बैठकें पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने चराइदेव, उदालगुरी, शिवसागर, तामुलपुर, उत्तर कामरूप और दरंग जिलों की कार्यकारिणी बैठकों में भाग लिया।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top