Jharkhand

जनता दरबार में राजस्व, पेंशन और प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का हुआ निष्पादन

जनता दरबार की तस्‍वीर

रांची, 4 नवंबर (Udaipur Kiran) । उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

उपायुक्त ने पूर्व में सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया था कि वे प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं को सुनें और जिन मामलों का निपटारा तत्काल संभव हो, उनका उसी समय निष्पादन करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया था कि राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अंचल निरीक्षक और राजस्व कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए, ताकि मामलों का मौके पर निपटारा किया जा सके।

जनता दरबारों में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कई शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया, जिससे उपस्थित आवेदकों में संतोष का भाव देखा गया।

सोनाहातू अंचल की बुसूडीह की रहनेवाली कविता देवी और कलेवर सिंह मुण्डा को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र जारी किया गया। विजय कोइरी को जाति प्रमाण पत्र तत्काल जारी किया गया।

रसीद नहीं कटने की समस्या का समाधान

अनगड़ा अंचल में हेसल ग्राम निवासी जितेन्द्र सिंह की तीन डिसिमल भूमि का दाखिल-खारिज किया गया।

बिरसा बेदिया की रसीद नहीं कटने की समस्या का समाधान जनता दरबार में किया गया। वहीं जयराम महली के पंजी-2 में सुधार से संबंधित आवेदन का त्वरित निष्पादन हुआ। साथ ही अन्य लंबित राजस्व मामलों में अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। माण्डर अंचल के दिलेश्वर पाहन के पंजी-2 में सुधार संबंधी आवेदन का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

वहीं बड़गाई अंचल में सुषमा रानी और सुभाष कुमार के नामांतरण और लगान रसीद संबंधी आवेदनों का तत्काल निष्पादन किया गया। इसके अलावा अन्य राजस्व और प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदनों की जांच कर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।

जनता दरबार में उपस्थित आवेदकों ने जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से समस्याओं का समाधान सरल और शीघ्र हो रहा है। राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, प्रमाण पत्र निर्गत, दाखिल-खारिज, नामांतरण से जुड़ी शिकायतें मौके पर सुनी गई और तत्काल कार्रवाई की गई।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak