

कानपुर, 29 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति केंद्र स्तर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व नेताओं को संयोजक बनाया था। कानपुर उत्तर जिले के कुल 1258 बूथों पर मन की बात, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई व प्रत्येक बूथ पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने दीं।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि वार्ड 64 सर्वोदय नगर के बूथ नंबर 34 पर प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात सुनी। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वृक्षारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनजागरण लाने के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वार्ड 64 पर 10 वृक्षों का रोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना है, साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान को वृक्षारोपण से जोड़कर भावनात्मक चेतना को जागृत करना भी है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से, पार्षद नीरज बाजपेई, मंडल अध्यक्ष अजय राय, अरुण पाल, अरुण दुबे, रवि दुबे, प्रतीक चौरसिया आदि उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद
