Uttar Pradesh

झांसी की हर महिला ‘‘झांसी की रानी’’ है : शेखर सुमन

वीडियो से ली गई शेखर सुमन की फोटो

झांसी, 28 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । फिल्म की शूटिंग के लिए झांसी आए अभिनेता शेखर सुमन ने वीरांगना लक्ष्मी बाई की शौर्य को नमन करते हुए कहा कि मैं खुशनसीब हूं कि मुझे झांसी आने का मौका मिला। उन्होंने झांसी में महिला पुलिस के द्वारा चलाई जा रही योजना मिशन शक्ति 5.0 के लिए महिला पुलिस कर्मियों को और झांसी की प्रत्येक महिला को झांसी की रानी बताया। उनके द्वारा जारी किया गया वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है।

शेखर सुमन ने साेशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर कहा कि वह बहुत खुशनसीब हैं कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की कहानी उन्होंने किताबों में पढ़ी। लेकिन उनका मन था कि वह एक बार झांसी वीरांगना की भूमि पर आए और देखें। उन्होंने कहा कि उन्हें शूटिंग के बहाने झांसी आने का मौका मिला। उन्होंने देखा कि यहां की हर महिला वीरांगना लगती है। यहां एक नहीं आज भी हर महिला झांसी की रानी है। साथ ही उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि महिला पुलिस कर्मी भी वीरांगना से कम नहीं है। वह नि:स्वार्थ भाव से महिला उत्पीड़न को लेकर पीड़ित महिलाओं की मदद कर रही हैं।

उन्होंने कवियत्री सुभद्रा कुमारी चौहान के कविता की पंक्तियां दोहराते हुए कहा-बुन्देले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 के लिए जुटी हर महिला पुलिस कर्मी को सैल्यूट भी किया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब धूम मचा रहा है। लोग इसे शेयर कर रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top