
जबलपुर, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में अभियंता दिवस का भव्य और गरिमामय आयोजन सोमवार 15 सितंबर को प्रातः 11 बजे भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। यह दिवस महान अभियंता और भारत रत्न से सम्मानित सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती को समर्पित है, जिन्होंने अपनी दूरदृष्टि और अभूतपूर्व तकनीकी कौशल से भारत की इंजीनियरिंग को नई दिशा प्रदान की।
मंत्री सिंह ने कहा कि सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को सदैव भारतीय अभियंता समाज का मार्गदर्शक माना जाएगा। उनके योगदान से न केवल देश को विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग दृष्टिकोण मिला, बल्कि उन्होंने तकनीक को विकास और जनकल्याण का सशक्त माध्यम बनाया। वर्ष 1955 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था, जो उनके अतुलनीय कार्यों की मान्यता है।
मंत्री सिंह ने रविवार को भोपाल में कार्यक्रम स्थल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार का भ्रमण कर अभियंता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने विभिन्न निर्देश दिये। इस दौरान एमडी एमपीआरडीसी भरत यादव, प्रमुख अभियंता के.पी.एस. राणा, तकनीकी सलाहकार एमपीआरडीसी आर.के. मेहरा, मुख्य अभियंता संजय मसके सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने ‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ का संकल्प लिया है। अभियंता दिवस का आयोजन इसी संकल्प का प्रतीक होगा, जिसमें विभाग की तकनीकी प्रगति, पारदर्शिता और नवाचार को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की प्रगति का आधार मजबूत और आधुनिक आधारभूत संरचना है, जिसकी दिशा और गति हमारे अभियंता तय कर रहे हैं। सड़कें, पुल, फ्लाईओवर, रिंग रोड, बायपास और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम जैसे निर्माण कार्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं और नागरिकों के जीवन को सुगम बना रहे हैं। अभियंताओं की तकनीकी दक्षता और योजनाबद्ध कार्यशैली से न केवल परिवहन और संपर्क व्यवस्था बेहतर हो रही है, बल्कि उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी नई ऊँचाइयाँ मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर गुणवत्तापूर्ण सड़क और हर सुदृढ़ पुल अभियंताओं की मेहनत और संकल्प का प्रमाण है, जो “लोक निर्माण से लोक कल्याण” की दिशा में प्रदेश को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि अपने अभियंताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग के इतिहास में पहली बार प्रदेशभर के उन अभियंताओं और संविदाकारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने समर्पण और उत्कृष्ट कार्य से लोक निर्माण विभाग की साख और गुणवत्ता को ऊँचाई प्रदान की है। यह सम्मान केवल व्यक्तियों का नहीं होगा, बल्कि विभाग की समर्पित कार्य-संस्कृति का भी होगा।
मंत्री सिंह ने जानकारी दी कि इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप और लोक परियोजना प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ भी किया जाएगा। ‘लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप’ निर्माण कार्यों की वास्तविक समय पर मॉनिटरिंग, निरीक्षण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का माध्यम बनेगा। वहीं, ‘लोक परियोजना प्रबंधन प्रणाली’ योजनाओं की प्रगति, बजट प्रबंधन और जवाबदेही को मजबूत बनाएगी। इसी के साथ लोक निर्माण विभाग के न्यूज लेटर का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें विभागीय उपलब्धियों, योजनाओं और नवाचारों की विस्तृत झलक प्रस्तुत की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
